Maharajganj

दूल्हे को देख स्टेज से उतर घर में चली गई दुल्हन, वापस लौटी बारात, दूल्हा व अगुआ को चौकी पर ले गई पुलिस

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:-  द्वारपूजा के बाद स्टेज पर जयमाला के वक्त दूल्हे को देख दुल्हन ने शादी से इंकार कर दिया। इससे सनसनी मच गई। घरवाले व रिश्तेदारों ने दुल्हन को समझाने की हर संभव कोशिश की लेकिन वह तैयार नहीं हुई। जयमाला के स्टेज से उतर कर घर के अंदर चली गई। शादी नहीं हुई और बारात वापस लौट गई।
मामला पनियरा थाना क्षेत्र के एक गांव का है। गुरुवार की रात धूमधाम से बारात गांव में पहुंची। बारातियों का स्वागत-सत्कार करने के बाद नाश्ता-भोजन कराने का दौर शुरू हुआ। इसी दौरान जयमाला का कार्यक्रम शुरू हुआ। पहले मंडप में दूल्हा बैठा और फिर बाद में दुल्हन लाई गई। लेकिन जैसे ही दुल्हन ने दूल्हे का चेहरा देखा, वह तुरंत मंडप से उतरकर घर में चली गई और शादी से मना कर दिया। चर्चा है कि दूल्हे की अधिक उम्र व काला रंग देख दुल्हन ने शादी से मना किया। इससे पहले उसने दूल्हे को देखा भी नहीं था। मामला बिगड़ता देख गांव के संभ्रांत लोगों के बीच बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ लेकिन बात नहीं बनी। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को जानकारी दी। 
पुलिस दूल्हे व अगुआ सहित प्रमुख लोगों को मुजुरी चौकी पर लाई। शुक्रवार की सुबह पंचायत के दौरान मामले में सुलह-समझौता होने की बात कही जा रही है। हालांकि एसओ स्वतंत्र कुमार सिंह का कहना है कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है।

यह भी पढ़ें : चार उपनिरीक्षक सहित 14 के तबादले, अंकित सिंह बने सोनौली के चौकी इंचार्ज